शादी की डेट फिक्स नहीं हुई तो युवक ने अपनी मंगेतर का गला रेत दिया!

इंदौर। पेनजॉन कॉलोनी में मंगलवार रात करीब 9.30 बजे एक सिरफिरे युवक ने अपनी मंगेतर का गला रेत दिया और फिर आत्महत्या करने के लिए खुद की गर्दन भी काटने की कोशिश की। दोनों मरणासन्न हो गए। अस्पताल में दाखिल हैं लेकिन स्थिति गंभीर है। बताया जा रहा है कि युवक शादी के लिए इंतजार करने को तैयार नहीं था जबकि लड़की की मां एक महीने बाद शादी करना चाहती थी।

मल्हारगंज थाना टीआई संजय मिश्रा के मुताबिक घायल युवती 18 वर्षीय जयश्री निवासी पेनजॉन कॉलोनी है। उसकी मां जानकी सब्जी लेने गई थी। बहन जमना स्टेशनरी की दुकान पर काम कर रही थी। भाई कमलेश भी काम पर गया था। इसी दौरान जयश्री का मंगेतर दुर्गेश सिंह उससे मिलने आया और विवाद के बाद जयश्री पर हमला कर दिया। जयश्री ने शोर मचाया तो मकान मालिक दौड़कर आया और आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया। दुर्गेश चाकू लेकर इधर-उधर भागा और खुद पर वार कर लिए। रहवासी जयश्री को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। कुछ देर बाद पुलिस ने दुर्गेश को भी अस्पताल रवाना करवा दिया।

 

सीने पर गुदवा रखा है नाम

जयश्री की मां ने बताया कि दुर्गेश से उसकी सगाई हो चुकी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। दुर्गेश जल्दी शादी करने का दबाव बना रहा था। उसे कहा गया था कि एक महीने बाद सम्मेलन में शादी कर देंगे, जबकि दुर्गेश ने कहा कि जयश्री उससे बहुत ज्यादा खर्चा करवाने लगी थी। वह पापड़ का ठेला लगाता है। उसके पास ज्यादा पैसे नहीं है। टीआई के मुताबिक दुर्गेश सनकी है। उसने सीने पर जयश्री का नाम गुदवा रखा है।