2025-07-11 07:59:08
शिव महापुराण कथा व 27 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 11 जुलाई से, भव्य शोभायात्रा के साथ होगा शुभारंभ

नीमच। लायसडेन स्थित श्री हरि सत्संग मंडल एवं भक्तजनों द्वारा 11 जुलाई से 27 दिवसीय विशाल धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पंडित रुद्रदेव त्रिपाठी के सान्निध्य में सम्पन्न होगा, जिसकी शुरुआत 11 जुलाई को प्रातः शिक्षक नगर स्थित शिव मंदिर से निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा से होगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगी।कथा, पूजन व विशेष अनुष्ठानों की शृंखलापंडित त्रिपाठी ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन में प्रतिदिन प्रातः वेद पाठ, हवन, दोपहर 1 से 3 बजे तक शिव महापुराण कथा, तत्पश्चात 3 से 4 बजे तक पार्थिव शिवलिंग पूजन किया जाएगा। कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें रुद्राक्ष से निर्मित शिवलिंग का अभिषेक भी कियाजाएगा। इसके साथ ही नाग पंचमी एवं अमावस्या पर कालसर्प योग निवारण हवन का आयोजन भी होगा। समिति करती है शिक्षा के लिए सेवा कार्य पंडित त्रिपाठी ने बताया कि आयोजन से प्राप्त राशि यदि खर्च के बाद बचती है, तो उसका उपयोग निर्धन बच्चों की शिक्षा में किया जाता है। अब तक लगभग 450 विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, समिति जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए भी हर संभव सहायता उपलब्ध कराती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी भी प्रकार के आर्थिक लाभ के लिए नहीं किया जाता, बल्कि पूर्णतः जनसेवा एवं धर्म प्रचार के उद्देश्य से होता है।पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई। आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।