कल्याण नगरी में भगवामयी वाहन रैली के माध्यम से किया कल्याण महाकुंभ का नगर जागरण

निंबाहेड़ा 03 जून 2023- मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ की ओर से 3 से 11 जून तक आयोजित होने वाले अष्टादश कल्याण महाकुंभ के प्रथम दिवस शनिवार को आयोजित होने वाली विशाल शोभायात्रा एवं भव्य कलशोत्सव की पूर्व संध्या पर भगवामयी विशाल वाहन रैली के माध्यम से वेदपीठ से जुड़े वीर बालकों द्वारा संपूर्ण कल्याण नगरी में जन जागरण करते हुए समूचे वातावरण को कल्याणमयी बना दिया। वेदपीठ परिसर से कथा व्यास स्वामी सुदर्शनाचार्य, भाजपा के पूर्व मंत्री श्रीचन्द कृपलानी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, नगर मंडल अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रहलादराय सोनी व कांग्रेस की ओर से जिला फूटबॉल संघ अध्यक्ष पूरण आंजना, नपाध्यक्ष सुभाष शारदा, पार्षद बंशीलाल राईवाल, मनोज पारख आदि के साथ ही वेदपीठ के न्यायसियों एवं पदाधिकारियों द्वारा विशाल वाहन रैली को केसरिया ध्वज लहराकर रवाना किया गया। ग्यारह मालवी ढोल एवं बेण्ड बाजों के साथ निकाली गई लगभग 250 दो पहिया व चौपहिया वाहन रैली शोभायात्रा के संपूर्ण मार्ग तथा चौराहों एवं मार्गों से होती हुई पुन: वेदपीठ परिसर में संपन्न हुई। वाहन रैली में भाग लेने वाले वीर बालकों ने पूरे उत्साह के साथ जय श्री कल्याण, जय श्री राम का उद्घोष करते हुए नगरवासियों को महाकुंभ के सभी अनुष्ठानों एवं कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का अनुनय आग्रह किया।विशाल एवं भव्य शोभायात्रा व कलशोत्सव आजनौ दिवसीय कल्याण महाकुंभ के प्रथम दिवस शनिवार को दशहरा मैदान स्थित ढ़ाबेश्वर महादेव से वेदपीठ तक भव्य शोभायात्रा एवं कलशोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण मुम्बई के कांदीवली के 80 कलाकारों के ढोल ताशा प्रदर्शन के साथ ही विश्व विद्यालय के योग विभाग के युवाओं द्वारा मल्लखंभ का प्रदर्शन, एक दर्जन झांकियां, केसरिया बाना पहने वीर वीरांगनाएं, लगभग 3100 कलश लिए कृष्णा शक्ति दल की माता बहनों के अलावा 300 गांवों की प्रभात फेरिया आकर्षण का केन्द्र होगी। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊट, ऊंट गाड़ियों के साथ ही देश एवं प्रदेश के हजारों लोग शामिल होंगे।