2026-08-18 09:04:10
गुड़ की खेती’ के बयान पर नीमच कांग्रेस का अनूठा विरोध: -गुड़ की बीज’ और गुड़ रोपण अधिकारी की नियुक्ति की माँग-तरुण बाहेती का हमला: मुख्यमंत्री को धरातल की जानकारी नहीं,उड़ा रहे किसानों का मजाक
नीमच | प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा बैतूल में दिए गए ‘गुड़ की खेती’ संबंधी बयान को लेकर नीमच जिला कांग्रेस ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में एक बेहद अनोखा और करारा तंज कसते हुए ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन के जरिए सरकार की कृषि नीतियों और मुख्यमंत्री के बयानों को ‘अव्यावहारिक और जुमलेबाजी’ करार दिया गया।जिला कांग्रेस द्वारा एसडीएम संजीव साहू को सौंपे गए पत्र में व्यंग्यात्मक लहजे में कहा गया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की इस "क्रांतिकारी" घोषणा से नीमच के किसान गदगद हैं। अब किसान गन्ना उगाने, उसे काटने और कढ़ाहे में घंटों जलाकर गुड़ बनाने की मेहनत से बच जाएंगे, क्योंकि अब सीधे खेतों में ही गुड़ उगेगा। ज्ञापन में कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि नीमच जिले के किसानों को तत्काल उच्च गुणवत्ता वाले ‘गुड़ के बीज’ के पैकेट वितरित किए जाएं । जिले में शीघ्र एक ‘गुड़ रोपण अधिकारी’ की नियुक्ति की जाए, जो किसानों को इस नई तकनीक की जानकारी दे सके।इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, "भाजपा सरकार किसानों की वास्तविक समस्याओं जैसे यूरिया की किल्लत, बढ़ती लागत और गिरते दामों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे हास्यास्पद बयान दे रही है। कभी एक बीघा में 50 क्विंटल गेहूं का दावा होता है, तो कभी सीधे गुड़ उगाने की बात करते है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान को चमत्कार नहीं, बल्कि फसलों के सही दाम और समय पर खाद ,बिजली चाहिए। बाहेती ने कहा की प्रदेश के मुख्यमंत्री को सही मायनों में मध्यप्रदेश में किसानो की ख़राब हालत का अंदाजा नहीं है । वे कभी खेतों में जाते तो उन्हें भी पता रहता है किसान की फसलों के भाव से किसान कितना दुखी है । बाहेती ने कहा की मुख्यमंत्री मोहन यादव के ऐसे बयान से किसान का मजाक उड़ाने जैसा है।पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया ने कहा कि सरकार ने खेती को प्रयोगशाला और किसानों को प्रयोग की वस्तु समझ लिया है। जब तक ज़मीनी स्तर पर ठोस काम नहीं होगा, तब तक ऐसी घोषणाएं केवल भ्रम फैलाने का काम करेंगी।ज्ञापन के अंत में चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने खाद की किल्लत और लाभकारी मूल्य जैसे गंभीर विषयों पर ध्यान नहीं दिया, तो कांग्रेस आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करेगी।इस दौरान शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ओम दीवान, महेन्द्र मोनू लॉक्स,सेवादल जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव, ब्रजेश सक्सेना, पृथ्वी सिंह वर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर, हिदायतुल्ला खान, जिला प्रवक्ता भगत वर्मा,सईद काले, इलियास कुरैशी, जुगल अहीर ,मनोहर अम्ब,विनोद बोरीवाल, भंवरलाल जायसवाल , गोविंद सिंह पीपलोन, रामगोपाल राठौर,अकबर ख़ान,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान उपस्थित थे।
