2026-07-22 08:25:32
जादू और अभिनय से स्वच्छता का पाठ: रतनगढ़ में जादूगर ढोंढुराम ने बिखेरे जागरूकता के रंग
नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को जन-जन तक पहुँचाने के लिए तारापुर के प्रसिद्ध जादूगर ढोंढुराम ने एक अनोखी पहल शुरू की है। वे अपनी कला के माध्यम से जिले के गांव-गांव में स्वच्छता और जल संरक्षण की अलख जगा रहे हैं।इसी कड़ी में जादूगर ढोंढुराम रतनगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे, जहां उन्होंने अपने हैरतअंगेज जादू और प्रभावशाली मोनो एक्टिंग के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और जल संचय का महत्व समझाया।रतनगढ़ स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच पहुंचे ढोंढुराम ने हाथ की सफाई (जादू) दिखाते हुए बच्चों को खेल-खेल में स्वच्छता की आदतों और जल संचय की जानकारी दी। बच्चों ने जादू के माध्यम से मिली इस सीख को बड़े उत्साह के साथ ग्रहण किया।इसके पश्चात उन्होंने नगर परिषद कार्यालय, सब्जी मंडी, बस स्टैंड, जाट रोड और आलोरी गरवाड़ा मार्ग पर उपस्थित ग्रामीणों और राहगीरों को जागरूक किया। उन्होंने अपनी मोनो एक्टिंग के जरिए जल बचाने और आसपास गंदगी न फैलाने का संदेश दिया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने काफी सराहा।इस अभियान के दौरान नगर परिषद रतनगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती सुगनाबाई कचरूलाल गुर्जर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी खेमचन्द मुसले, नपाकर्मी बालकृष्ण गुर्जर सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सभी ने जादूगर ढोंढुराम के इस सामाजिक प्रयास की प्रशंसा की।
