2026-10-15 08:21:06
धानुका परिवार द्वारा नीमच में 14 मार्च 2027 को होगा 101 कन्याओं का भव्य सनातन सामूहिक विवाह सम्मेलन सामाजिक समरसता की अनूठी पहल, सभी जाति-वर्ग की कन्याओं का होगा विवाह
नीमच।सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण की भावना को साकार करने के उद्देश्य से नीमच में 101 कन्याओं का भव्य सनातन सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन रविवार, 14 मार्च 2027 को बघाना स्थित श्री रानी सती दादी धाम परिसर में संपन्न होगा। सम्मेलन का मुख्य आयोजन श्री रानी सती दादी मंदिर ट्रस्ट, बघाना द्वारा किया जा रहा है, जबकि श्री अन्नपूर्णा सेवा न्यास, नीमच एवं नानीबाई मायरा उत्सव समिति, नीमच सह-आयोजक के रूप में सहभागिता कर रहे हैं।इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में सामाजिक समरसता और समानता की भावना को मजबूत करना तथा सभी जाति-वर्ग की कन्याओं को विवाह का समान अवसर प्रदान करना है। सम्मेलन में सभी जाति एवं वर्गों की पात्र कन्याओं का विवाह सनातन परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। यह आयोजन समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देगा।आयोजकों का मानना है कि विवाह जैसे मांगलिक अवसर पर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से सामाजिक समरसता को नई मजबूती मिलेगी। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराकर उनके परिवारों को आर्थिक संबल देना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
51 हजार रुपये तक की गृहस्थी सामग्री उपहार स्वरूप मिलेगी
सामूहिक विवाह सम्मेलन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। सम्मेलन में अपने पुत्र-पुत्री का विवाह करवाने के इच्छुक माता-पिता समिति से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। प्रत्येक पात्र जोड़े को गृहस्थी उपयोग की सामग्री के रूप में 51,000 रुपये तक के उपहार निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। विवाह समारोह सनातन परंपराओं एवं निर्धारित रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगा।सम्मेलन में पंजीयन के लिए वर-वधू के आधार कार्ड, माता-पिता के आधार कार्ड, एक-एक गवाह के आधार कार्ड, जन्मतिथि सहित अंकसूची तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक रहेंगे। विवाह की निर्धारित तिथि पर वधू की आयु 18 वर्ष तथा वर की आयु 21 वर्ष पूर्ण होना अनिवार्य है। पंजीयन एवं अन्य नियमों की जानकारी समिति से प्राप्त की जा सकती है।
अन्नपूर्णा सेवा न्यास प्रसादम, अंबेडकर मार्ग पर पंजीयन सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए पंजीयन स्थल अन्नपूर्णा सेवा न्यास प्रसादम, अंबेडकर मार्ग, किशोर विल्स के सामने, नीमच निर्धारित किया गया है। पंजीयन एवं जानकारी के लिए प्रदीप सुतार से मोबाइल नंबर 9981033767 पर संपर्क किया जा सकता है।उक्त जानकारी मुख्य आयोजक कैलाश धानुका एवं सुनील धानुका परिवार सह-आयोजक श्री अन्नपूर्णा सेवा न्यास के राकेश पप्पू जैन तथा नानीबाई मायरा उत्सव समिति के विवेक मित्तल प्रधान करी।आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों के लोगों से इस पुनीत कार्य में सहयोग करने तथा जरूरतमंद परिवारों तक सम्मेलन की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र कन्याएं इस आयोजन का लाभ प्राप्त कर सकें। *यह सामूहिक विवाह सम्मेलन केवल विवाह आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, सहयोग और सनातन संस्कृति के मूल्यों को सशक्त करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।*
