​​आसमान छूती शक्कर की कीमतों और महंगाई के खिलाफ जिले में आज कई जगह गरजेंगी कांग्रेस, होगा जोरदार विरोध प्रदर्शन -मोदी की नीतियों से शक्कर हुई कड़वी, महंगाई ने निकाला जनता का दम - तरुण बाहेती

​नीमच। लगातार बढ़ती शक्कर की कीमतों और रसोई के बजट को बिगाड़ रही भीषण महंगाई के खिलाफ आज 27 अगस्त को नीमच जिले की तीनों विधानसभाओं—नीमच, जावद और मनासा के विभिन्न ब्लाकों में कांग्रेस का ऐतिहासिक और जोरदार प्रदर्शन होने जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा की शक्कर के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि से लेकर ई-20 पेट्रोल के कारण वाहनों में हो रही खराबी, घरेलू रसोई गैस के भारी-भरकम दाम और बिजली के बढ़े हुए बिलों ने आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश और जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में आयोजित इस व्यापक आंदोलन के माध्यम से भाजपा की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों और प्रदेश सरकार के बेलगाम भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी ताकत से आवाज उठाई जाएगी।कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाहेती ने सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, "आज देश और प्रदेश में महंगाई अपने चरम पर है। शक्कर जैसी बुनियादी जरूरत की चीज भी आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। ई-20 पेट्रोल के नाम पर वाहन चालकों की जेब पर डाका डाला जा रहा है और उनके वाहनों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। बिजली के भारी बिलों और महंगी गैस ने गरीब तथा मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़कर रख दी है। कांग्रेस पार्टी अब चुप नहीं बैठेगी। हमारा यह हल्लाबोल आंदोलन केवल औपचारिक नारेबाजी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भाजपा सरकार की इस जनविरोधी सोच और भ्रष्टाचार की पोल जनता के सामने खोलकर रहेंगे। जब तक आमजन को राहत नहीं मिलती, सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रहेगा।"​आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता अनूठे और रचनात्मक तरीकों से अपना विरोध दर्ज कराएंगे। महंगी शक्कर का विरोध करने के लिए आम जनता को प्रतीकात्मक रूप से केवल एक-एक चुटकी शक्कर दी जाएगी और उन्हें फीकी चाय पिलाई जाएगी, जिससे यह संदेश दिया जा सके कि भाजपा राज में आम आदमी की जिंदगी से मिठास पूरी तरह गायब हो चुकी है। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों के बाहर भी विशेष प्रदर्शन किए जाएंगे।जिला कांग्रेस प्रवक्ता भगत वर्मा एवं मनोहर अंब ने बताया विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रमों में नीमच विधानसभा के अंतर्गत जीरन ब्लॉक कांग्रेस का कार्यक्रम दोपहर 12:00 बजे जीरन के नीमच रोड स्थित गणपति मंदिर पर आयोजित होगा। इसके बाद नीमच शहर ब्लॉक कांग्रेस का आयोजन दोपहर 12:15 बजे फव्वारा चौक नीमच पर, नीमच ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस 02 का आयोजन दोपहर 12:30 बजे जैतपुरा चौराहा नीमच पर, तथा नीमच ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस 01 का आयोजन शाम 5:00 बजे कनावटी नीमच में संपन्न होगा।जावद विधानसभा क्षेत्र में जावद ब्लॉक कांग्रेस का कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे बस स्टैंड जावद पर आयोजित किया जाएगा, वहीं रतनगढ़ ब्लॉक कांग्रेस का आयोजन दोपहर 1:00 बजे नीमच-सिंगोली रोड रतनगढ़ पर होगा।​इसी क्रम में मनासा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामपुरा ब्लॉक कांग्रेस का कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे छोटा बाजार रामपुरा में, मनासा ब्लॉक कांग्रेस का आयोजन दोपहर 12:00 बजे मंडी गेट मनासा पर, तथा कुकड़ेश्वर ब्लॉक कांग्रेस का आयोजन दोपहर 1:00 बजे बस स्टैंड कुकड़ेश्वर पर किया जाएगा। जिला कांग्रेस संगठन महासचिव बृजेश  मित्तल ने समस्त कांग्रेस जनों को अपने-अपने क्षेत्र में हो रहे विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने का आह्वान किया है।