सांसद सुधीर गुप्ता की निष्क्रियता को अब प्रमाण की आवश्यकता नहीं, जनता का पैसा जनता में पर खर्च करने में दर्द - तरुण बाहेती

2 वर्षों के कार्यकाल के आंकड़ो ने खोली सांसद सुधीर गुप्ता की पोल,स्वयं अपनी जेब सिलकर क्षेत्र की जनता को दिया बहुत बड़ा धोखा, जनता माफ नहीं करेगी 

नीमच। मंदसौर-नीमच सांसद सुधीर गुप्ता की निष्क्रियता पर अब सरकारी मोहर लग चुकी है। "प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती" यह कहावत सांसद गुप्ता की निष्क्रियता पर पूरी तरह लागू हो रही है। सांसद सुधीर गुप्ता की उनकी सरकार ने ही उनकी सांसद निधि खर्च के शर्मनाक आंकड़ो को जारी कर उनकी पोल जनता के सामने खोल कर रख दी है। सुधीर गुप्ता सांसद निधि खर्च करने में प्रदेश भर में फिसड्डी आए हैं, जो क्षेत्र की जनता के विश्वास के साथ बहुत बड़ा ऐतिहासिक धोखा कर रहे है।जिला कांग्रेस कमेटी नीमच के अध्यक्ष तरुण बाहेती ने सांसद पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान कार्यकाल के दो वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा आवंटित 14.89 करोड़ रुपये की विकास राशि में से सांसद गुप्ता ने मात्र 28.20% सिर्फ 4.20 करोड़ राशि ही खर्च की है, जबकि 72% राशि बिना उपयोग के दबाकर रखी गई है। इस मामले में वे पूरे प्रदेश में पीछे से दूसरे नंबर (निचले पायदान) पर फिसड्डी साबित हुए हैं। प्रादेशिक समाचार पत्र ने इन आंकड़ों को जनता के सामने सार्वजनिक किया है।जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने सीधे सांसद पर निशाना साधते हुए पूछा है की सांसद जी, यह आपने क्या किया? जिस जनता ने आपको अपनी पलकों पर बैठाया, लगातार तीन बार संसद भेजा उसके साथ यह धोखा क्यों? 14.89 करोड़ रुपये में से सिर्फ 4.20 करोड़ रुपये खर्च करना और बाकी करोड़ों रुपये दबाकर बैठ जाना यह नीमच और मंदसौर की जनता के साथ ऐतिहासिक धोखा है। जो आज तक नीमच मंदसौर की संसद में नहीं किया। बाहेती ने सांसद से पूछा है की वे बताएं आखिर आप क्षेत्र के विकास के लिए पैसा क्यों नहीं देना चाहते?"कांग्रेस ​अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि क्षेत्र की जनता हर दिन इस उम्मीद और राह में देखती रही कि सांसद जी आएंगे और विकास की सौगातें देंगे लेकिन सांसद जी ने तो खुद ही अपनी जेब सिल दी है। उन्होंने कहा की यह पैसा सांसद जी का व्यक्तिगत नहीं बल्कि जनता की गाढ़ी कमाई का टैक्स रूपी पैसा है। लेकिन बड़े दुख की बात है कि जनता का पैसा जनता को ही विकास के रूप में देने में सांसद जी को दर्द हो रहा है। उन्होंने विकास के नाम पर लापरवाही कर यह दर्द नीमच मंदसौर की जनता को दिया है। जब यह पूरा घटनाक्रम उजागर हुआ है और सच सामने आया है तो निश्चित है कि संसदीय क्षेत्र की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।"

​बाकी 28% राशि भी सिर्फ टैंकरों में उड़ा दी, जिला अस्पताल में उपकरण तक नहीं 

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने अत्यंत गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सांसद ने जो नाममात्र की 28% राशि खर्च दिखाई है, उसमें से भी बड़ा हिस्सा केवल पानी के टैंकर बांटने जैसी औपचारिकता निभाने में खपा दिया गया है। क्षेत्र की जर्जर सड़कों, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के लिए कोई ठोस उपयोग नहीं किया गया। श्री बाहेती ने जमीनी समस्याओं का हवाला देते हुए कहा कि आज नीमच जिला अस्पताल में बुनियादी उपकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं का भारी अभाव है। गांवों में पेयजल के लिए हैंडपंप व ट्यूबवेल तरस रहे हैं। यदि सांसद जी विदेशों की बातें और बयानबाजी छोड़कर यह निधि इन मूलभूत सुविधाओं में लगाते, तो जनता को राहत मिलती।

-​जनता को पाई-पाई का हिसाब दें सांसद सुधीर गुप्ता:

तरुण बाहेती ने सांसद से सार्वजनिक रूप से सीधे सवाल पूछे हैं की 10.69 करोड़ रुपये खर्च न होने के पीछे क्या प्रशासनिक या तकनीकी नाकामी रही? ​सांसद निधि से अब तक कुल कितने कार्य स्वीकृत हुए, कितने पूरे हुए और कितनी राशि बकाया है? ​जब क्षेत्र में विकास के इतने बड़े दावे किए जा रहे हैं, तब निधि खर्च में वे प्रदेश भर के अन्य सांसदों से पीछे क्यों हैं?  

 

-​कांग्रेस और भाजपा की हकीकत: पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन का उदाहरण

तरुण बाहेती ने कांग्रेस और भाजपा के काम करने की नीयत का अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस की पूर्व सांसद सुश्री मीनाक्षी नटराजन जी थीं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में 100% सांसद निधि ईमानदारी से खर्च कर गांवों, मजरों-टोलों और बस्तियों में सड़कों व बुनियादी विकास का कायाकल्प किया था। वहीं दूसरी तरफ भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता हैं, जिन्हें जनता ने रिकॉर्ड मतों से जिताया, लेकिन वे विकास की राशि दबाकर बैठ गए।  

जनता के सामने आएं सांसद; कांग्रेस अब चलाएगी 'सांसद सुधीर गुप्ता को याद दिलाओ' अभियान:

कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि सांसद सुधीर गुप्ता तुरंत जनता के सामने आएं और इस ऐतिहासिक धोखे का जवाब दें। नीमच और संसदीय क्षेत्र की जनता के हक व मूलभूत सुविधाओं की लड़ाई के लिए कांग्रेस पार्टी अब चरणबद्ध तरीके से "सांसद सुधीर गुप्ता को याद दिलाओ" अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता और जनता समय-समय पर सांसद जी को यह याद दिलाएंगे कि ​वे इसी क्षेत्र से चुने हुए सांसद हैं और जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं। ​उनके पास जनता के विकास के लिए केंद्र सरकार की करोड़ों रुपये की निधि उपलब्ध है। वे कुंभकर्णी नींद से जागें और अपनी जेब पर लगा ताला खोलकर अपनी सांसद निधि नीमच व पूरे क्षेत्र के विकास के लिए तुरंत खर्च करें। बाहेती ने कहा की ​कांग्रेस पार्टी इस अभियान के जरिए सांसद की अकर्मण्यता को गांव-गांव और घर-घर तक उजागर करेगी।