नपा नीमच का विशेष सम्मेलन कल शहर को मिलेगी आवासीय एवं व्यवसायिक कॉलोनी सहित अनेक सड़को की सौगात - श्रीमती चोपड़ा

सीआरपी रोड को विद्युत तारों से मुक्त करने सहित करोड़ के विकास कार्यों पर होगा निर्णय
नीमच! नगर पालिका परिषद नीमच का विशेष सम्मेलन कल 7 सितंबर सोमवार  को प्रातः 11:30 बजे बंगला नंबर 60 पुरानी नगर पालिका  स्थित परिषद हाल में आहुत किया गया है! इस विशेष सम्मेलन में शहर को एक आवासीय एवं एक व्यावसायिक कॉलोनी तथा सड़कों के डामरीकरण व सीसी रोड  के साथ ही सीआरपी रोड को विद्युत तारों से मुक्त कर अंडरग्राउंड विद्युत लाइन की सुविधा प्रदान करने के अतिरिक्त करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात प्रदान की जावेगी।उक्त जानकारी देते हुए नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा ने बताया कि जमीनों के बढ़ते भाव के कारण शहर  में लंबे समय से नगर पालिका के माध्यम से आवासीय कॉलोनी काटने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नागरिकों की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए 7 सितंबर को होने वाले विशेष सम्मेलन में बगीचा नंबर 4 व 5 के पास खेत क्रमांक 11 /39 पर आवासीय कॉलोनी विकसित करने तथा चमड़ा कारखाने के सामने 1/ए की रिक्त भूमि पर व्यावसायिक कॉलोनी विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है। श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि इसी के साथ एजेंडे में  सीआरपी रोड पर पटेल चौराहा से विजय टॉकीज चौराहा तक अंडरग्राउंड विद्युत लाइन का प्रस्ताव भी रखा गया है जिससे यह मार्ग विद्युत तारों से मुक्त होकर आकर्षक स्वरूप ग्रहण कर सकेगा।श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि इन प्रस्ताव के अतिरिक्त शहर की प्रमुख सड़कों पर डामरीकरण व सीसी रोड, सोलर ऊर्जा परियोजना स्थापित किए जाने, जाजू सागर बांध पिकनिक स्पॉट एवं पाल पर सीसी रोड व रैंप निर्माण, सेंट्रल स्कूल के पीछे नगर वन विकसित करने, टाउन हॉल का जीर्णोद्धार करने, नपा कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर निर्माण करने, प्रधानमंत्री आवास पर फायर सेफ्टी सिस्टम लगाने के साथ ही करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के प्रस्ताव विशेष सम्मेलन के एजेंडे में शामिल किए गए हैं जो शहर विकास मैं नए आयाम स्थापित करेंगे।नपा अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि 7 सितंबर सोमवार को होने वाला विशेष सम्मेलन शहर विकास की दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण है। एजेंडे में शामिल प्रस्ताव निश्चित ही नीमच शहर और शहर की जनता को अभूतपूर्व सौगात प्रदान करेंगे।