2026-08-16 18:10:20
गांधी भवन में उत्साह व गरिमामय वातावरण में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने किया ध्वजारोहण
नीमच। आजादी पर्व स्वतंत्रता दिवस जिला कांग्रेस कमेटी, नीमच द्वारा गांधी भवन परिसर में एक भव्य, उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय समारोह के साथ मनाया गया । कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस जन,कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों ने सहभागिता की।समारोह के मुख्य रूप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण कर पूर्ण सम्मान व गरिमा के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर 'भारत माता की जय' और 'अमर शहीद जिंदाबाद' के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। ध्वजारोहण के पूर्व उपस्थित समस्त कांग्रेस जनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के अतुलनीय योगदान को याद किया। तत्पश्चात मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जी के संदेश का वाचन किया गया, जिसमें संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प को दोहराया गया।वरिष्ठ कांग्रेस जनों का शाल-श्रीफल से भावभीना सम्मानसंगठन को अपने त्याग व समर्पण से सिंचित करने वाले वरिष्ठ नेताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए "वरिष्ठ जन हमारी वास्तविक पूंजी हैं" की भावना के साथ सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संगठन के लिए जीवन समर्पित करने वाले वरिष्ठ नेता श्री काशीराम बोरीवाल, श्रीमती लीला बंसल, श्री रमेश कदम एवं जनाब भूरा मुंशी का पुष्पमाला पहनाकर, शाल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया गया।जल सेवा हेतु श्री सक्सेना का व्यक्त किया आभारगांधी भवन परिसर में आने वाले आमजनों एवं कार्यकर्ताओं की सुविधा हेतु जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी श्री ब्रजेश सक्सेना तथा उनके परिवार द्वारा वाटर कूलर स्थापित किया गया। इस सराहनीय जल सेवा कार्य एवं पहल के लिए जिला कांग्रेस परिवार की ओर श्री सक्सेना को शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प प्रकृति को सहेजने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं सुरक्षित पर्यावरण का निर्माण करने के उद्देश्य से कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस जनों ने मिलकर गांधी भवन परिसर में पौधारोपण किया। जिलाध्यक्ष बाहेती ने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने मिठाई से मुंह मीठा कर कर स्वतंत्रता दिवस की एक दूसरे को बधाई प्रदान करी।
