एनएसएसजी ग्रीन बेल्ट पर शान से लहराया तिरंगा उपलब्धि हासिल करने पर हुआ सदस्यों का सम्मान



नीमच, निप्र। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप (NSSG) के ग्रीन बेल्ट गार्डन में गरिमामय समारोह आयोजित कर तिरंगा फहराया गया। देशभक्ति के तरानों के बीच भारत माता और जय हिन्द के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में चिकित्सकों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रुप सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मुख्य अतिथि आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. यशवंत पाटीदार, विशेष अतिथि शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता गर्ग एवं एमडी डॉ. रवींद्र पाटीदार, डॉ. रंजना सिंहल, समाजसेवी निखार गोयल तथा ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल 'सोनू' की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ।मुख्य अतिथि डॉ. यशवंत पाटीदार ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का सही अर्थ तभी है, जब हम अपने जीवन और समाज के प्रति जिम्मेदार बनें। वाहन चलाते समय सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा मोबाइल का उपयोग न करें। दुर्घटना होने पर घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के साथ सीपीआर की जानकारी रखना भी जीवन बचाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने सीपीआर एवं राजवीर योजना के संबंध में भी जानकारी दी।विशेष अतिथि डॉ. श्वेता गर्ग ने कहा कि 1947 में देश अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ, लेकिन आज हमें अपने नौनिहालों को बीमारियों से आजादी दिलाने का संकल्प लेना चाहिए। बच्चों का समय पर पूर्ण टीकाकरण करवाएं और उन्हें स्वस्थ एवं मुस्कराता जीवन दें। स्वतंत्रता दिवस हमें यह संदेश भी देता है कि बेटे और बेटियों को समान अवसर देकर उन्हें आगे बढ़ने का अधिकार दिया जाए।विशेष अतिथि एमडी डॉ. रवींद्र पाटीदार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। देश ने आजादी के 80 वर्ष पूरे किए हैं और हम भी स्वस्थ, फिट एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाकर 80 वर्ष से अधिक का स्वस्थ जीवन जीने का लक्ष्य रख सकते हैं।ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल 'सोनू' ने कहा कि एनएसएसजी द्वारा मानसून सत्र में भी निरंतर वृक्षारोपण किया जा रहा है। आज हम यहां स्वतंत्रता का जश्न मनाने के साथ देश के वीर शहीदों की शहादत को नमन करने के लिए एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि नगर समस्या एवं सुझाव ग्रुप सदैव सेवा, समन्वय और सम्मान की भावना के साथ समाज के हर वर्ग के बीच अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। वर्षभर ग्रुप से जुड़े सदस्यों एवं उनके परिजनों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों के लिए उन्हें सम्मानित करना भी इसी भावना का हिस्सा है।इस अवसर पर तृप्ति मनोज दुआ, अशफाक अहमद, प्रखर, डॉ. रंजना दीपक सिंहल, डॉ. अशोक जैन, प्रवीण आर्य, प्रकाश गोयल एवं विजय समदानी को मोतियों की माला एवं दुपट्टा पहनाकर तथा सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं फिरोज गोल्डन को दुपट्टा पहनाकर उनके सेवा कार्यों की सराहना की गई।कार्यक्रम में अशफाक अहमद ने स्वरचित देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। महिला एवं पुरुष सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के जयघोष लगाए और देशभक्ति गीत गुनगुनाए।समारोह में तृप्ति दुआ, माधुरी चौरसिया, संगीता शर्मा, रानी राणा, बरखा खण्डेलवाल, ज्योति मित्तल, रेखा गोयल, किरण तिवारी, अमन चौहान, शोभा शर्मा, साहित्यकार प्रमोद रामावत, समाजसेवी संतोष चौपड़ा, निखार गोयल, प्रोफेसर एनके डबकरा, मुकेश डबकरा, वरुण खण्डेलवाल, संजय श्रीवास्तव, मनोज माहेश्वरी, घनश्याम सेठिया, बीड़ी वैष्णव, अपूर्व शर्मा, आशीष कच्छारा सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों ने अतिथियों एवं सम्मानित किए गए सदस्यों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। संपूर्ण आयोजन का संचालन ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल 'सोनू' ने किया तथा अंत में संगीता शर्मा ने आभार व्यक्त किया।