2026-07-22 08:25:32
नीमच से उठी आवाज: मनासा में बन रहे स्विमिंग पूल को मिले राज्य-राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी
नीमच। मध्यप्रदेश तैराकी संघ की अहम बैठक मंडला जिले के कान्हा नेशनल पार्क में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर के पदाधिकारियों ने भाग लिया। नीमच जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए मनासा में बन रहे स्विमिंग पूल को राज्य व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी दिलाने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा।विगत 27 अप्रैल को आयोजित इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने तैराकी खेल की वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक मप्र तैराकी संघ के अध्यक्ष पियुष शर्मा एवं सचिव जय वर्मा की मुख्य उपस्थिति में संपन्न हुई। नीमच के अध्यक्ष अशोक मोदी ने अपने संबोधन में मनासा में बन रहे स्विमिंग पूल को उज्जैन संभाग का सबसे बड़ा पूल बताते हुए इसकी विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस पूल की साइज 25 बाय 50 मीटर है, जो इसे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी उपयुक्त बनाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि इस सुविधा का सही तरीके से उपयोग किया जाए तो नीमच जिला बड़े खेल आयोजनों का केंद्र बन सकता है। बैठक में उपस्थित अन्य प्रतिनिधियों ने भी इस प्रस्ताव को सकारात्मक रूप से लिया और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर सहमति जताई।30 मई से 3 जून तक रीवा में होगी राज्य चैम्पियनशिप-बैठक के बाद मध्यप्रदेश तैराकी संघ द्वारा 54वीं राज्य तैराकी चैम्पियनशिप की तारीख और स्थान तय कर जारी कर दिए गए हैं। यह प्रतियोगिता 30 मई से 3 जून 2026 तक रीवा स्थित मिहिर सेन तरणताल, सिविल लाइंस में आयोजित की जाएगी। इस निर्णय के बाद अब प्रदेशभर के खिलाड़ी निर्धारित तिथि के अनुसार अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।वेब पोर्टल पर मिलेगी पूरी जानकारी-संघ ने पारदर्शिता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह तय किया कि इस वर्ष की चैम्पियनशिप से संबंधित सभी नियम, दिशा-निर्देश और पॉलिसी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इससे खिलाड़ियों, कोच और जिला इकाइयों को एक ही स्थान पर संपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो सकेगी और किसी भी प्रकार के भ्रम की स्थिति नहीं बनेगी।चयन में टाइमिंग को प्राथमिकता-खिलाड़ियों के चयन को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के उद्देश्य से नई व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर आने वाले खिलाड़ी का चयन उनके प्रदर्शन के क्वालीफाई टाइम के आधार पर किया जाएगा, जिससे बेहतर प्रदर्शन करने वालों को ही आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।मनासा को मिलेगा खेल मानचित्र पर स्थान-नीमच जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी द्वारा मनासा में निर्माणाधीन स्विमिंग पूल को राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए विकसित करने की मांग रखी गई है। आधुनिक मापदंडों के अनुसार तैयार हो रहा यह पूल भविष्य में बड़े आयोजनों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है, जिससे जिले में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी।प्रशिक्षण शिविरों की तैयारी-तैराकी को सुरक्षित और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए संघ ने सभी जिला इकाइयों के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की योजना बनाई है। इन शिविरों में नए कोच और लाइफ गार्ड को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे प्रतियोगिताओं के दौरान बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।एफीलेशन फीस बढ़ाई गई-संघ ने अपनी गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए जिला तैराकी संगठनों की वार्षिक एफीलेशन फीस में वृद्धि का निर्णय लिया है। अब यह शुल्क 5000 रुपए से बढ़ाकर 10000 रुपए कर दिया गया है, जिससे भविष्य की योजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा सके।
