2026-08-10 10:53:12
महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस, गैस सिलेंडर को पहनाई माला व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी पर अनोखा विरोध,छोटे व्यापारियों से किया सीधा संवाद
नीमच। केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दामों में हाल ही में की गई करीब 993 रूपए की बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए गैस सिलेंडर को माला पहनाकर उसे श्रद्धांजलि अर्पित की और सरकार की आर्थिक नीतियों को आमजन विरोधी बताया।उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह 8 से 10 बजे तक चले इस विशेष जनसंवाद कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और सीधे दुकानदारों, चाय-नाश्ते के ठेला संचालकों, होटल व्यवसायियों और अन्य छोटे व्यापारियों से संवाद किया। इस दौरान व्यापारियों ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं। उनका कहना था कि गैस सिलेंडर की कीमतों में अचानक हुई भारी वृद्धि से उनके रोजमर्रा के खर्च में भारी इजाफा हुआ है, जिससे मुनाफा तो दूर, लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। कई व्यापारियों ने यह भी कहा कि यदि इसी तरह महंगाई बढ़ती रही, तो उन्हें अपना व्यवसाय बंद करने की नौबत आ सकती है।कांग्रेस नेताओं ने इस मूल्य वृद्धि को आम आदमी और छोटे व्यापारियों पर सीधा आर्थिक बोझ बताते हुए इसे जेब पर डाका करार दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर उस व्यक्ति के साथ खड़ी है जो इस आर्थिक संकट से जूझ रहा है। बाहेती ने स्पष्ट किया कि जब तक आमजन को राहत नहीं मिलती और कीमतों पर नियंत्रण नहीं होता, तब तक कांग्रेस का यह विरोध और संघर्ष लगातार जारी रहेगा। जनसंवाद के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को बढ़ती महंगाई के दुष्परिणामों से अवगत कराया और सरकार की नीतियों के खिलाफ जागरूकता भी बढ़ाई। यह कार्यक्रम शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर गुजरा, जहां आम लोगों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कई स्थानों पर कांग्रेस के इस अभियान को समर्थन मिला। कार्यक्रम में जावद विधानसभा प्रभारी चन्द्रशेखर शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल चोरसिया, ब्लॉक अध्यक्ष मोनू लोक्स, ओम दीवान, कार्यक्रम संयोजक बृजेश सक्सेना, विमल शर्मा, योगेश प्रजापति, डॉ. पृथ्वी सिंह वर्मा, विजय शंकर शर्मा, अजा जिला अध्यक्ष राकेश जावेरिया, अजा प्रदेश सचिव महेश वीरवाल, सेवादल जिलाध्यक्ष गजेंद्र यादव, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष हिदायतउल्ला खान, मनोहर अम्ब, राजेंद्र नामदेव, विनोद बोरीवाल, अनिल विनायक, जग्गा पुनर, नितिन हसीजा, पार्षद भारत अहीर, पार्षद प्रतिनिधि राकेश सोनकर, भंवरलाल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
लगातार जारी रहेगा जनसंवाद अभियान-जिला कांग्रेस अध्यरक्ष तरूण बाहेती आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा करते हुए बताया गया कि जनसंवाद अभियान अब लगातार जारी रहेगा। इसी क्रम में 9 मई को नीमच सिटी क्षेत्र में और 11 मई को बघाना में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह कांग्रेस कार्यकर्ता आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
![]()
