2026-07-22 08:25:32
सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का शंखनाद-आज 30 को नीमच-जावद में प्रदर्शन-ज्ञापन,31 को मनासा में जिला स्तरीय विशाल धरना
नीमच। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई और किसानों की अनदेखी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार नीमच जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में आज 30 मार्च को नीमच व जावद में सरकार की नीतियों के विरोध स्वरूप ज्ञापन और 31 मार्च को मनासा में जिला स्तरीय विशाल धरना आयोजित किया जाएगा।जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया की सरकार द्वारा घरेलु बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि करने, रसोई गैस के दाम बढ़ाये जाने, गैस सिलेंडर एवं पेट्रोल-डीजल की किल्लत, सहकारी समिति में ऋण जमा करने की समय बढ़ाये जाने, जिले में हुई ओलावृष्टि का मुआवजा प्रदान किए जाने एवं मनासा के खिमला प्लांट में ग्रीनको प्लांट में मजदूरों की लगातार हो रही मौतों की विस्तृत जांच एवं उचित मुआवजे एवं खिमला प्लांट में अव्यवस्थाओं को सुधारने की मांग को लेकर सरकार को घेरा जाएगा।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहा है।श्री बाहेती ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज 30 मार्च सोमवार को दोपहर 12 बजे कलेक्टर कार्यालय नीमच पर नीमच शहर, ग्रामीण व जीरन ब्लॉक के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे जावद एसडीएम कार्यालय पर जावद और रतनगढ़ ब्लॉक कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।जिला अध्यक्ष बाहेती ने बताया की जन समस्याओं को और मजबूरी से उठाने के लिए 31 मार्च, मंगलवार को दोपहर 12 बजे मनासा में जनपद पंचायत के बाहर जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा हैं जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के जनता के प्रमुख मुद्दों के अलावा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की व्यवस्था सुधारना, मंडियों की अव्यवस्थाएं दूर करना और यूरिया खाद की कमी दूर करने को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा।श्री बाहेती ने कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता साथियों,किसानों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
