2026-07-22 08:25:32
आखातीज एवं परशुराम जयंती पर खंडेलवाल समाज ने किया गौ सेवा का पुण्य कार्य
नीमच। आखातीज एवं भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर खंडेलवाल समाज द्वारा समाज के आराध्यदेव संत श्री सुंदरदास जी महाराज को माल्यार्पण कर श्रद्धा एवं भक्ति भाव से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात श्री सुंदरदास जी मार्ग स्थित गौशाला में गौसेवा का विशेष आयोजन किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत समाज के सदस्यों ने सामूहिक रूप से गौमाता की सेवा करते हुए उन्हें लापसी एवं हरे चारे का भोग अर्पित किया। इस दौरान उपस्थित समाजजनों में विशेष उत्साह एवं धार्मिक आस्था देखने को मिली। बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने अपने परिवार सहित सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।इस आयोजन में समाज महिला मंडल की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। महिला मंडल की सदस्याओं ने पूरे कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लापसी तैयार करने, भोग की व्यवस्था करने तथा आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ एवं पूर्व अध्यक्ष रमेश जी खंडेलवाल तथा मधुसूदन खंडेलवाल की विशेष उपस्थिति एवं सहभागित्ता रही। कार्यक्रम में राजेश लाभी (अध्यक्ष), विश्वास खंडेलवाल (सचिव) एवं संतोष पाटोदिया (कोषाध्यक्ष) सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यगण, समाजजन एवं मातृशक्ति उपस्थित रही। कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी समाज के प्रवक्ता डॉ. केतन खंडेलवाल द्वारा प्रदान की गई।
