2026-08-18 09:04:10
युवा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, वैभव अहीर के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष यश घंघोरिया का सम्मान
नीमच। युवा कांग्रेस के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष वैभव अहीर के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घंघोरिया का नीमच स्थित वैभव अहीर के निजी निवास पर भव्य सम्मान एवं स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन युवा कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के जोश का सशक्त उदाहरण बना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि नीमच जिले में युवा कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ सक्रिय है।प्रदेश अध्यक्ष यश घंघोरिया के आगमन पर उन्हें 51 किलो की पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जोरदार नारों के बीच हुए इस स्वागत ने पूरे क्षेत्र का माहौल उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर युवाओं की संख्या अपेक्षा से कहीं अधिक रही, जिससे आयोजन पूरी तरह युवा शक्ति का केंद्र बन गया।इस अवसर पर नीमच विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव, जावद विधानसभा अध्यक्ष सरवन सेन एवं अशोक गुर्जर, नीमच क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्ष रजत जैन, गौरव गोयल, बंटी जाट, दीपक नागदा, मानसा क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्ष रोहित गुर्जर एवं लालचंद धनगर, जिला महासचिव रमेश मेघवाल, राहुल अहीर, पूर्व शहर ब्लॉक अध्यक्ष राकेश अहीर, पार्षद भारतसिंह अहीर सहित युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।युवा कांग्रेस कांग्रेस की रीढ़, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर- अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष यश घंघोरिया ने कहा कि युवा कांग्रेस ही कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें, युवाओं को जोड़ें और आमजन की समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष करें। श्री घंघोरिया ने कहा कि युवा कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता बदलाव का वाहक है और उसकी सक्रिय भूमिका से ही कांग्रेस पार्टी को जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि युवा वर्ग आज रोजगार, शिक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित है, और इन सवालों को उठाने की जिम्मेदारी युवा कांग्रेस की है। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आगामी समय में युवा कांग्रेस को आंदोलनात्मक और रचनात्मक भूमिका निभानी होगी, ताकि संगठन और अधिक मजबूत होकर जनता की आवाज बन सके।
