2026-08-18 09:04:10
क्षेत्र के सांसद व विधायक नकारा साबित-नीमच में सी एम राईज स्कूल भवन बनना तो दूर जमीन तक अभी फाइनल नहीं हुई है-गजेंद्रसिह यादव
नीमच। पंच- सरपंच से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के पद पर भाजपा का कब्जा होने के बाद भी नीमच विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में काफी पिछड़ा हुआ क्षेत्र घोषित होना चाहिए। वर्तमान समय का सबसे बड़ा मुद्दा नीमच शहर में सीएम राईज स्कूल भवन बनाने को लेकर बना हुआ है। क्षेत्र के सांसद एवं विधायक इस मामले में पूरी तरह से नकारा साबित हो रहे हैं। जहां एक और नीमच जिले की जावद एवं मनासा तहसील में सी एम राईज स्कूल भवन बनकर तैयार हो चुके हैं, जहां इस सत्र से पढ़ाई भी प्रारंभ हो चुकी है। वहीं नीमच शहर में अब तक प्रशासन जमीन का चयन ही नहीं कर पाया है। घोर विडंबना है कि भाजपा के जनप्रतिनिधि आगे आकर कम से कम सीएम राईज स्कूल भवन के लिए जमीन ही फाइनल नहीं कर पा रहे हैं। नैतिकता के नाते क्षेत्र के सांसद एवं विधायक को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उक्त मांग करते हुए कांग्रेस सेवादल जिला नीमच के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह यादव (ठेकेदार) ने कहां कि अभी कुछ दिन पूर्व प्रशासन ने स्थानीय हाई सेकेंडरी स्कूल परिसर का निरीक्षण कर यहां सी एम राईज स्कूल बनाने का निर्णय लिया था लेकिन काम शुरू होने से पहले ही इस स्कूल में अध्यनरत बच्चे विरोध स्वरूप सड़कों पर उतरे। जिन्होंने विधायक निवास का घेराव भी किया। उनका कहना था कि नए स्कूल की बिल्डिंग बनाने के चलते हमारे पुराने भवन को हटाया जा रहा है, जिससे हमारी पढ़ाई प्रभावित होगी। कितनी बड़ी बात है की गरीब परिवारों के बच्चों को अपने भविष्य की चिंता करते हुए सड़क पर उतरना पड़ रहा है और क्षेत्र के विधायक कुछ ठोस निर्णय ही नहीं ले पा रहे हैं। श्री यादव ने कहां की आज शहर में कई जगह पर सरकारी जमीन पड़ी हुई है, जो भूमाफियों के कब्जे में आती जा रही है। कुछ जमीनों पर तो पहले से ही भूमाफियाओं का कब्जा है जिसे नपा प्रशासन हटा ही नहीं पा रहा है। शहर के मध्य स्थित सरकारी जमीन पर मंदिर एवं गौशाला बनाने के नाम पर सत्ताधारी संगठन के चेहते लोगों द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है। जिस पर प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा है। शहर की एक बेश कीमती जमीन पर कब्जा कर गौशाला बनाई गई लेकिन हालात ऐसे हैं कि शहर में सैकड़ो गाये लावारिस घूम रही है, जिससे आमजन परेशान हो रहे हैं। इन जमीनों पर स्थानीय प्रशासन एवं विधायक का ध्यान नहीं जा रहा है। कुल मिलाकर ऐसे भू माफियाओं को बचाते हुए बे मतलब की जगह पर सीएम राईज स्कूल का भवन बनाने की जुगाड़ की जा रही है। श्री यादव ने कहां की सरकार की इतनी बड़ी योजना और इतनी बड़ी राशि से बनने वाला सीएम राईज स्कूल भवन शहर के मध्य ही बनना चाहिए जिससे नीमच शहर सहित आसपास के गांव में निवास रत गरीब परिवारों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके। लेकिन हालात ऐसे बने हुए हैं कि जिम्मेदार जन प्रतिनिधि इस मामले में कुछ ठोस निर्णय ही नहीं ले पा रहे हैं। एक तरह से इस स्कूल भवन के निर्माण को लेकर एक मजाक बना दिया गया है। फुटबॉल की तरह यह मामला इधर से उधर, उधर से इधर उछाला जा रहा है। जो सरासर गलत है। श्री यादव ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर शीघ्र ही शहर में सीएम राईज स्कूल भवन का निर्माण प्रारंभ नहीं हुआ तो कांग्रेस सेवादल जिला नीमच के कार्यकर्ता गरीब परिवारों के हित में एक बड़ा आंदोलन करेंगे।
