2026-08-18 09:04:10
बरसों की परंपरा को कायम रखते हुए ग्वालटोली के प्रजापति समाजजन को टैगोर मार्ग पर ही अस्थाई दुकानें लगाने की अनुमति दे प्रशासन- हरगोविंद दीवान
नीमच। ग्वालटोली में निवासरत प्रजापति (कुम्हार) समाज के परिवार विगत कई वर्षों से दीपावली के समय शहर के प्रमुख टैगोर मार्ग पर फव्वारा चौक से लेकर विजय टॉकीज चौराहे तक सड़क के किनारे अपनी अस्थाई दुकानें लगाकर मिट्टी के दिपक एवं खिलौने बेचने का काम करते आए हैं। इन छोटे और मेहनतकश दुकानदारों को बेवजह परेशान करते हुए बीते वर्ष से स्थानीय प्रशासन द्वारा इनकी दुकानों को टैगोर मार्ग से हटाकर दशहरा मैदान में लगाया जा रहा है। जिससे दीपक एवं खिलौने बेचने वाले इन दुकानदारों को काफी परेशानी हो रही है, वहीं इनका धंधा भी पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। प्रशासन को अपना निर्णय वापस लेते हुए बरसों की परंपरा अनुसार प्रजापति समाज के दुकानदारों को टैगोर मार्ग पर ही अपना त्यौहारी बाजार लगाने की अनुमति देना चाहिए। उक्त मांग करते हुए नगर पालिका परिषद नीमच के वार्ड क्रमांक 9 ग्वालटोली के पार्षद हरगोविंद दीवान (जनसेवक) ने जिला कलेक्टर, नपाध्यक्ष एवं सीएमओ से मांग की है कि ग्वालटोली में निवासरत प्रजापति कुम्हार समाज के साथ टैगोर मार्ग पर दीपावली का बाजार लगाने वाले अन्य छोटे दुकानदारों को अपने पुराने स्थान पर ही अपनी अस्थाई दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए। श्री दीवान ने कहा कि ग्वालटोली में निवासरत प्रजापति समाज के परिवार काफी मेहनतकश है। उन्हें मिट्टी के दीपक एवं खिलौने बनाने के लिए काफी मेहनत करना पड़ती है। पूरा परिवार दो-तीन माह पूर्व से ही इस तैयारी में जुड़ जाता है, तब जाकर दीपावली पर आवश्यकता के अनुरूप इनकी तैयारी हो पाती है। ऐसे में प्रशासन को ऐसे गरीब एवं मेहनतकश परिवारों का हित देखते हुए उन्हें अपने वर्षों पुराने स्थान पर ही दुकाने लगाने का तोहफा दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में देना चाहिए। रही बात टैगोर मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की तो दिपोतसव पर्व के अंतिम तीन दिनों में इस प्रमुख मार्ग पर जिस तरह प्रशासन चार पहिया वाहनों को प्रतिबंधित करता है इसी तरह दो पहिया वाहनों पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगाकर इस पूरे बाजार को पैदल जॉन घोषित कर सकता है। जिससे शहरवासी इस पूरे मार्ग पर पैदल घूम कर अच्छे से खरीदी करें और अपना त्यौहार खुशी-खुशी मनाएं। इस तरह का निर्णय लेने से इन छोटे दुकानदारों के परिवारों में भी दिपावली पर्व खुशी के साथ मन जाएगा।
