29 जनवरी तक जिले में चलेगा कांग्रेस मनरेगा बचाओ आंदोलन, गांवों में होगी चौपाल जिले में ज़मीनी स्तर पर उतरेंगे कांग्रेस पदाधिकारी- तरुण बाहेती

नीमच। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशानुसार एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की निगरानी में नीमच जिले के समस्त ब्लॉकों में मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत ग्राम चौपाल, प्रदर्शन, संगठनात्मक विस्तार और चुनावी तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।यह जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि 29 जनवरी तक चलने वाले मनरेगा बचाव आंदोलन के तहत सभी कार्यक्रम संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्वरूप में बदलाव, बजट में कटौती और मजदूर विरोधी नीतियों के कारण ग्रामीण रोजगार पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इसके विरोध में कांग्रेस गांवों में मनरेगा बचाओ चौपाल आयोजित कर जनता को जागरूक करेगी। श्री बाहेती बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर कांग्रेस कमेटियों का विधिवत गठन किया जाएगा। इसके साथ ही मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) को लेकर प्रत्येक ब्लॉक में BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी BLA-2 की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
प्रदेश नेतृत्व की सीधी मॉनिटरिंग, आकस्मिक दौरे संभव-जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि इन कार्यक्रमों की सीधी मॉनिटरिंग प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा की जा रही है, तथा वरिष्ठ नेता किसी भी समय जिले के कार्यक्रमों में आकस्मिक रूप से शामिल हो सकते हैं। इसलिए सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ कार्यक्रम संपन्न करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रतिदिन के कार्यक्रमों की फोटो एवं संक्षिप्त रिपोर्ट प्रदेश संगठन मंत्री एवं जिला कार्यालय को भेजना अनिवार्य रहेगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बाहेती ने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण रोजगार, लोकतंत्र और संगठन की मजबूती की लड़ाई है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और एकजुटता के साथ इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। बाहेती ने बताया की इस अभियान से कांग्रेस पदाधिकारीज़मीनी स्तर पर पहुँच संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे ।

अभियान को लेकर जिले में ब्लॉकवार प्रभारी नियुक्त-श्री बाहेती ने बताया कि कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जिसके तहतनीमच शहर-1 विनोद दक, नीमच शहर-2 सुरेश धनगर, नीमच ग्रामीण-1 राकेश जावरिया, नीमच ग्रामीण-2 हिदायतुल्लाह खान, जीरन मनोहर गुर्जर, जावद आर. सागर कछावा, रतनगढ़ : मनीष जैन, सिंगोली : गोविंदसिंह सांडा, मनासा राजू गरासिया, रामपुरा महेंद्र उपाध्याय व कुकड़ेश्वर ब्लॉक प्रभारी विजयराजसिंह चन्द्रावत को नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने प्रभारी को कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से आमंत्रित करें।