एनएसएसजी ग्रीन बेल्ट गार्डन पर बना 77वां गणतंत्र दिवस समाजसेवियों ने संविधान के मूल्यों को अपनाने का दिया संदेश

नीमच, निप्र। नगर समस्या सुझाव ग्रुप (एनएसएसजी) द्वारा ग्रीन बेल्ट गार्डन में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। समारोह के अतिथि समाजसेवी रमेश कदम, डॉ. कमलेश पाटीदार, वरिष्ठ सदस्य संतोष चौपड़ा एवं ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर तिरंगा फहराया, इसके पश्चात सामूहिक राष्ट्रगान हुआ।समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी रमेश कदम ने संविधान के मूल्यों—स्वतंत्रता, समानता व भाईचारे—को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। डॉ. कमलेश पाटीदार ने कहा कि एनएसएसजी जैसे संगठन समाज को स्वस्थ, जागरूक व सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। संतोष चौपड़ा ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया।ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी का स्मरण कराता है।ग्रीन बेल्ट जैसे प्रयास स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ समाज की नींव हैं।एनएसएसजी के माध्यम से हम जनसमस्याओं के समाधान के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प लेते हैं। आइए, हरित, स्वच्छ और सशक्त भारत के निर्माण में मिलकर योगदान दें।इस अवसर पर रानी राणा, बरखा खण्डेलवाल, ऋतु नागदा, संगीता जारोली, रेणुका व्यास, मीना मनावत, शोभा शर्मा, ज्योति मित्तल एवं अमन चौहान ने देशभक्ति गीत व कविताएं प्रस्तुत कीं। एनएसएसजी सदस्यों वरुण खण्डेलवाल, संजय श्रीवास्तव व डॉ. पंकज सोलंकी आदि ने मुख्य अतिथियों के साथ ही खण्डेलवाल वैश्य समाज अध्यक्ष मधुसूदन खण्डेलवाल, वैश्य महासम्मेलन तहसील अध्यक्ष तुषार लालका एवं पार्षद हरगोविंद दीवान का माला पहनाकर स्वागत किया।कार्यक्रम का संचालन विवेक खण्डेलवाल ने किया तथा आभार दिनेश मनावत ने माना। समारोह में बड़ी संख्या में एनएसएसजी सदस्य उपस्थित रहे।