2026-08-18 09:04:10
जिले की बैंकों में पूर्ण हडताल रही, बैंकों के ताले भी नहीं खुले
नीमच। यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आव्हान पर देशभर के आठ लाख से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण हडताल पर रहे। इसी तारतम्य में नीमच जिले की बैंकों में भी पूर्ण हडताल रही। बैंकों के ताले तक नहीं खुले।नीमच में पंजाब नेशनल बैंक की टैगोर मार्ग शाखा के समक्ष जिले भर के बैंक कर्मचरी अधिकारी एकत्रित हुए और अपनी मांग के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के जिला अध्यक्ष किशोर जेवरिया, सचिव सतीश भटनागर ने कहा कि केन्द्र सरकार के सभी कार्यालयों, रिजर्व बैंक ऑफ इण्डिया, जीवन बीमा, सामान्य बीमा एवं अन्य विभागों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। बैंक कर्मचारियों को विगत पांच वर्षो से इसे लागू करने की बात कही जा रही है। दिसम्बर 2023 में इसे लागू करने के लिये आईबीए और बैंक कर्मचारियों के बीच सहमति बनी थी। आईबीए ने सहमति के आधार पर केन्द्र सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग को 5 दिवसीय कार्य सप्ताह की सिफारिश का प्रस्ताव भेज दिया था। उसके बाद कई बार इसे स्मरण दिलाया गया परन्तु कोई प्रगति नहीं हुई। बैंक कर्मचारियों ने 27 जनवरी को अखिल भारतीय बैंक हडताल की घोषणा की। हडताल टालने के केन्द्रीय श्रम आयुक्त, वित्त मंत्रालय के अधिकारियों व बैंक कर्मचारियों के बीच 20-21 जनवरी को हुई बैठक में भी कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकलने पर यह हडताल की गई।नीमच में पंजाब नेशनल बैंक के समक्ष हुए प्रदर्शन और सभा में नारेबाजी के साथ सीटू के प्रदेश सचिव कामरेड शैलेन्द्रसिंह ठाकुर, राम अजमेरा, ब्रजेन्द्रसिंह सोलंकी, सदाकत हुसैन, श्रीकांत शर्मा, जितेन्द्र मीणा, कुलदीप पाटीदार, सद्दाम हुसैन, सुनीता गुप्ता, संजय सांखला, सतीश राठौर, मनीष नागदा, नरेन्द्र चारण, नरेश चारण, भानुमति यादव एवं मीना गौड ने भी सम्बोधित किया।बैंक कर्मचारी नेताओं ने दावा किया है कि इस हडताल से जिले भर की बैंकों का सवा सौ करोड का लेनदेन प्रभावित हुआ है।
