गणतंत्र दिवस पर क्रिकेट का महाकुंभ: नंबर वन न्यूज इंडिया की टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नंबर वन न्यूज इंडिया द्वारा आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का इस वर्ष भी भव्य और रंगारंग शुभारंभ किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ने खेल प्रेमियों में खासा उत्साह भर दिया है। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में देश के लगभग 7 राज्यों से आए खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर की पहचान बना रहा है।उद्घाटन समारोह में जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीपसिंह परिहार, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव जी चोपड़ा,भाजपा नेता संतोष चोपड़ा,हेमंत हरित,आदित्य मालू, सांसद प्रतिनिधि निलेश पाटीदार,सतनारायण गोयल सहित कई वरिष्ठ पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।अपने उद्बोधन में प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से मोबाइल और डिजिटल लत से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता की आकर्षक ट्रॉफियों का अनावरण भी किया गया।शुभारंभ के मौके पर खेले गए उद्घाटन मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। पहला मैच एडवोकेट इलेवन और जिला प्रेस क्लब के बीच खेला गया, जिसमें एडवोकेट इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं दूसरा मुकाबला पुलिस इलेवन और राजस्व इलेवन के बीच हुआ, जिसमें पुलिस इलेवन ने बाजी मारी। दोनों ही मैचों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और जोश का परिचय दिया।आयोजन समिति के सदस्य एवं कार्यक्रम के आयोजक पंकज श्रीवास्तव और दीपक चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख 41 हजार रुपये तथा उपविजेता को 71 हजार रुपये की राशि के साथ आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।कार्यक्रम का सफल संचालन एडवोकेट युगलकिशोर बैरागी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में और भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे खेल प्रेमियों का उत्साह लगातार बना रहेगा।