2026-08-18 09:04:10
रतनगढ़ से ‘चलो पंचायत’ की हुंकार, गांव-गांव पहुंचेगी युवा कांग्रेस मनमोहनसिंह मन्नू बन्ना बोले पंचायत स्तर पर संगठन मजबूत कर युवाओं-किसानों के मुद्दों पर लड़ेगी निर्णायक लड़ाई
रतनगढ़, 17 फरवरी। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के ‘चलो पंचायत-चलो पंचायत’ अभियान के तहत रतनगढ़ ब्लॉक में आयोजित संगठनात्मक बैठक एवं ग्राम चौपाल कार्यक्रम में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहनसिंह मन्नू बन्ना ने स्पष्ट कहा कि अब संगठन गांव-गांव जाकर जनता के बीच सीधा संवाद करेगा और युवाओं व किसानों के मुद्दों पर सशक्त आवाज उठाएगा।स्थानीय डाक बंगले पर आयोजित बैठक की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री एवं नीमच जिला युवा कांग्रेस प्रभारी विनोद पाटीदार, जावद विधानसभा उपाध्यक्ष कमल छपरीबंद और रतनगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष अंकित शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए मनमोहनसिंह मन्नू बन्ना ने कहा, “युवा कांग्रेस का उद्देश्य केवल बैठकें करना नहीं, बल्कि पंचायत स्तर तक संगठन को सक्रिय करना है। आज गांवों में रोजगार, खेती और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल खड़े हैं। हमें इन मुद्दों को लेकर सीधे जनता के बीच जाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ और पंचायत में युवा साथियों की टीम बनाई जाए तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे अभियानों में रतनगढ़ ब्लॉक अग्रणी भूमिका निभाएगा। प्रदेश महामंत्री विनोद पाटीदार ने कहा कि ‘चलो पंचायत’ अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को समझकर उन्हें मंच देना है। वहीं वरिष्ठ नेता सुरेश शर्मा ने युवाओं से जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने की बात कही।
