2026-08-18 09:04:10
भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस के नीमच जिले के 9 जगह हुए एकसाथ धरना-प्रदर्शन, किसानों और आमजन के हक के लिए सड़क पर उतरा कांग्रेस संगठन,जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने किया सरकार पर तीखा हमला
नीमच। भाजपा सरकार की जनविरोधी, किसान विरोधी और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने वाली नीतियों के विरोध में शुक्रवार को नीमच जिले में कांग्रेस का ‘गांव-गांव मोर्चा’ आंदोलन पूरी तरह सफल रहा। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय जीतू पटवारी के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में जिले की तीनों विधानसभाओं के 9 ब्लॉकों के प्रमुख केंद्रों— पालसोड़ा, दारू, चिताखेड़ा, कंजार्डा, चपलाना, चंद्रपुरा, रतनगढ़, मोड़ी और सिंगोली में एक साथ धरना-प्रदर्शन कर सरकार को घेरा गया जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने नीमच विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पालसोड़ा, दारू एवं चीताखेड़ा में आयोजित विरोध प्रदर्शनों में भाग लेकर आंदोलन को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन अब पूरी मजबूती के साथ मैदान में है और गांव-गांव जाकर आमजन की समस्याओं को उठाकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।इस आंदोलन के तहत जिले के 9 प्रमुख केंद्रों पर एकसाथ प्रदर्शन कर कांग्रेस ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। कंजार्डा में श्याम सोनी, चीताखेड़ा में नरेंद्रसिंह राणावत, मोड़ी में महेंद्रसिंह सिसोदिया, रतनगढ़ में शम्भू चारण, मजीरिया में जसवंतसिंह राजपूत, चंद्रपुरा में ईश्वर मुजावदिया, दारू में बलवंत पाटीदार, पालसोड़ा में विनोद सिंह चौहान तथा सिंगोली में सत्तू धाकड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाला और भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के सामने रखा। नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि आज किसान और गरीब वर्ग सबसे अधिक संकट में है। फसल बीमा राशि का समय पर भुगतान न होना, यूरिया खाद की कालाबाजारी और किसानों को 10 घंटे बिजली देने के वादे केवल जुमले साबित हुए हैं, जिससे भाजपा का असली चेहरा उजागर हो चुका है।जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने अपने संबोधन में जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना को कमजोर करने और उससे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने की साजिश का पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब चुप नहीं बैठेंगे और गांव-गांव जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करेंगे। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय विकास की अनदेखी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया, जिसमें वर्षों से जर्जर हालत में पड़े नीमच-चिताखेड़ा मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग की गई। साथ ही भाजपा नेताओं के इशारे पर मतदाता सूची से आम नागरिकों के नाम काटे जाने जैसे गंभीर लोकतांत्रिक षड्यंत्र के खिलाफ भी कड़ा आक्रोश जताया गया।सभी आयोजन स्थलों पर विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन के पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती सहित ब्लॉक अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बापू के सत्य, अहिंसा और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। इस व्यापक प्रदर्शन से यह स्पष्ट संदेश गया है कि कांग्रेस अब किसानों और आमजन की लड़ाई मजबूती से लड़ती नजर आ रही है और जिले में संगठन पहले से कहीं अधिक मजबूत और सक्रिय हुआ है। जिला कांग्रेस कमेटी नीमच ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल एक दिन का नहीं, बल्कि आने वाले समय में कांग्रेस का हर सिपाही गांव-गांव जाकर जनता की आवाज बनेगा। इस प्रदर्शन में जिले के वरिष्ठ कांग्रेसजन, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
