सांसद खेल महाकुंभ 21 को नीमच में खो खो, कबडडी, रस्सा कस्सी, सितोलिया, मैराथन आदि स्पर्धा होगी

नीमच, निप्र। सांसद खेल महोत्सव के अंर्तगत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर गांव-शहर की गलियों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने की पहल की गई है। नीमच विधानसभा में भी विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही है।उक्त जानकारी देते हुवे खेल महोत्सव के नीमच विधानसभा प्रभारी राकेश जैन 'पप्पू' ने बताया कि सांसद सुधीर गुप्ता के मार्गदर्शन में विलुप्त हो रहे खेल जैसे खो खो, कबडडी, रस्सा कस्सी, सितोलिया, मैराथन आदि स्वदेशी खेलों का आयोजन कर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का कार्य किया जा रहा है।नीमच के दशहरा मैदान में 21 अप्रेल 2023, शुक्रवार को सांसद खेल महाकुंभ आयोजित होगा। जिसके तहत हायर सैकेण्डरी स्कूल क्रमांक 2 से प्रातः 8 बजे स्कूली बच्चों की रैली प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्ग हेमू कालानी चौराहे से कमल चौक, घण्टाघर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार, भारत माता चौराहा, विजय टांकीज होते हुवे दशहरा मैदान पहुंचेगी जहां प्रदेश सहित स्थानीय जनप्रतिनिधीगण भी मौजूद रहेंगे।शहर में निकलने वाली स्कूली बच्चों की विशाल रैली का जगह जगह विभिन्न क्षेत्रीय सामाजिक, राजनीतिक संगठनों द्वारा स्वागत भी किया जावेगा।पप्पू जैन ने बताया कि प्रातः 9 बजे, दशहरा मैदान में खेल प्रतियोगिता प्रारंभ होगी। आम जन से आग्रह है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या उपस्थित होकर बच्चो का उत्साहवर्धन करे।